जबलपुर: खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों द्वारा शनिवार को किये गये आकस्मिक निरीक्षण में विजयनगर में साईं हॉस्पिटल के पास स्थित पटेल फास्ट फूड में एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स तथा मसालों का विक्रय के लिए संग्रहण पाये जाने पर इसका खाद्य पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया पटेल फास्ट फूड में अत्यंत अस्वास्थ्यकर तथा अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण होते हुए भी पाया गया। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम की धारा 31 के अन्तर्गत खाद्य पंजीयन निलंबन अवधि के दौरान इस प्रतिष्ठान से खाद्य कारोबार के संचालन को पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है।
