
जबलपुर। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। आम मार्गों पर अस्थायी अतिक्रमण हटाकर सड़क व्यवस्था को सुगम बनाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में विशेष अभियान चलाया गया। जिसमें लगभग 80 ऑटो/आपे/ई-रिक्शा वाहन चेक किए गए, जिनमें से 45 चालकों पर कार्रवाई की गई। चालकों को हिदायत दी गई कि वे ओवरलोडिंग न करें और यात्रियों के साथ सुरक्षित एवं शिष्ट व्यवहार करें।
इसके साथ ही क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, आगे सीट पर सवारी बैठाने और आम रास्तों पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने वाले चालकों के खिलाफ कुल 135 चालान बनाये गए।
कई क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाए
इसके अलावा यातायात पुलिस द्वारा करमचंद चौक, जयंती काम्प्लैक्स से नौदरा ब्रिज तक, सुपर मार्केट और बड़ा फव्वारा क्षेत्र में नो पार्किंग और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई, जिससे यातायात व्यवस्था को बाधारहित बनाया जा सका। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में की गई।
