
नई दिल्ली। गैलरी कोलकाता, नई दिल्ली में मेघना अग्रवाला के सहयोग से पंच-तत्व: मटेरियल मैटर्स शीर्षक से एक विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई है। कलाकार अंकों मित्रा द्वारा क्यूरेट और डिजाइन की गई यह प्रदर्शनी गैलरी के नई दिल्ली स्थित नए स्पेस की पहली प्रस्तुति है। इसमें कलाकारों, वास्तुकारों और डिजाइनरों को एक साथ मंच दिया गया है, जो अपनी रचनात्मकता के माध्यम से सामग्री और शिल्प के गहरे संबंध को सामने ला रहे हैं।
प्रदर्शनी की अवधारणा प्राचीन भारतीय दर्शन के पंचतत्व
आकाश, वायु, जल, पृथ्वी और अग्नि से प्रेरित है। इसके साथ ही सत्व, रजस और तमस जैसे तीन गुणों के माध्यम से सृजन की प्रक्रिया को समझने का प्रयास किया गया है। इसमें पाँच प्रमुख सामग्रियों को पंचतत्व से जोड़ा गया है, जिनमें कंक्रीट को अग्नि, लकड़ी को पृथ्वी, कांच को जल, वस्त्र को वायु तथा तांबा, पीतल और कांसे को आकाश का प्रतीक माना गया है। इन माध्यमों के जरिए कला, वास्तुकला और डिजाइन के बीच की सीमाओं को समाप्त करते हुए सृजन और शिल्प की साझा भाषा को प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी में 29 कलाकारों, वास्तुकारों और डिजाइनरों की कृतियाँ प्रदर्शित की गई हैं। इनमें वरिष्ठ कलाकार कविता नायर, अरुणकुमार एचजी, शीला चमरिया और श्रीला मुखर्जी के साथ सिद्धार्थ दास, जया नंदुरदिकार और अमृता गुहा जैसे डिजाइनर भी शामिल हैं। अंकों मित्रा द्वारा क्यूरेट की गई यह प्रदर्शनी दिल्ली के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण और नई पहल के रूप में देखी जा रही है।
