
भोपाल। राजधानी में शुक्रवार को दशा माता व्रत श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करते हुए दशा माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
खटलापूरा स्थित मंदिर और वट वृक्ष के पास बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं। उन्होंने वट वृक्ष की पूजा कर उसकी परिक्रमा की और धागा बांधकर परिवार की खुशहाली की कामना की। कई स्थानों पर महिलाओं ने पारंपरिक गीत भी गाए और व्रत कथा का श्रवण किया।
मान्यता है कि दशा माता व्रत करने से घर-परिवार की विपत्तियां दूर होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है। इस कारण राजधानी में हर वर्ष बड़ी संख्या में महिलाएं यह व्रत रखती हैं और पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना करती हैं।
