शिवपुरी: रतनगढ़ माता मंदिर के समीप स्थित दूध खो धाम में आगामी 21 मार्च से 9 दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव का शंखनाद होने जा रहा है। इस महोत्सव के दौरान 108 कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण अति महायज्ञ और श्रीमद् रामकथा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर अंतिम चरण में हैं। कथा के शुभारंभ पर विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। दूध खो धाम के महंत एवं कथा परीक्षित संत गणेश दास महाराज ने बताया कि इस महायज्ञ के संरक्षक दंदरौआ सरकार रामदास महाराज रहेंगे।
कथा का वाचन सुप्रसिद्ध भजन गायक गौरव कृष्ण गोस्वामी करेंगे। लगभग 10 हजार वर्ग फीट में विशाल यज्ञशाला का निर्माण किया गया है, जहां विद्वान आचार्यों द्वारा 108 कुंडों में विधि-विधान से आहुतियां दी जाएंगी। प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से रामकथा की रसवर्षा होगी, वहीं रात्रि में मनमोहक रासलीला का मंचन किया जाएगा। कथा के उपरांत प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा। आयोजन समिति के अनुसार, प्रतिदिन 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुगम यातायात के लिए आसपास की सड़कों को चौड़ा किया गया है।
