भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज ग्वालियर जिले के शबरी माता मंदिर, घाटीगाँव में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे। यह राशि लाड़ली बहना योजना की 34वीं किश्त के रूप में प्रदान की जाएगी।
प्रदेश सरकार के अनुसार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए योजना के तहत नवंबर से मासिक सहायता में 250 रुपये की वृद्धि की गई है, जिसके बाद अब पात्र हितग्राही बहनों को प्रति माह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है।
जून 2023 में शुरू हुई इस योजना के तहत फरवरी 2026 तक 33 किश्तों का अंतरण किया जा चुका है और अब तक कुल 54,140 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जा चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 122 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 54 विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण भी करेंगे। साथ ही सरकार ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में योजना से जुड़ी महिलाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्व-रोजगार के अवसरों से भी जोड़ा जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
