यादव महंत श्री नृत्य गोपालदास जी के जन्मोत्सव में हुए शामिल

भोपाल, 20 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर में दर्शन किए। डॉ. यादव महंत श्री नृत्य गोपालदास जी के जन्मोत्सव में शामिल हुए।

आधिकारिक जानकारी में यहां बताया गया कि डॉ यादव ने आज महंत श्री नृत्य गोपालदास जी के जन्मोत्सव पर आयोजित 7 दिवसीय कार्यक्रमों के समापन अवसर पर संबोधित किया। इसमें पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में सनातन संस्कृति के अनुकूल गौशाला संचालन, संस्कृत शिक्षण और पाठ्यपुस्तकों में श्रद्धा के प्रतीक महापुरूषों और संतों की जीवनियाँ शामिल करने की पहल की गई है। डॉ यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार सिंहस्थ-2028 के भव्य आयोजन के लिए तैयारियाँ प्रारंभ कर चुकी है।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम मंदिर में पूजा-अर्चना कर दर्शन लाभ प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि माता सरयू के तट पर पवित्र नगरी अयोध्या में कई जन्मों के पुण्य के पश्चात दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है। आज उन्हें भी यह अवसर मिला है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेशवासियों एवं राष्ट्रवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना की।

डॉ यादव ने जन्मोत्सव समारोह में कहा कि मध्यप्रदेश में नई शिक्षा नीति के अंतर्गत अनेक अभिनव प्रयास हुए हैं। स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा के स्तर पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। विभिन्न पाठ्यक्रमों में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को भी शामिल करने की पहल हुई है। प्रदेश के उज्जैन और इंदौर सहित विभिन्न स्थानों में गौशालाओं के बेहतर संचालन के कदम उठाए गए हैं। गौशालाओं को दिया जाने वाला मानदेय दुगना किया गया है। संस्कृत शिक्षण की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि महंत श्री नृत्य गोपालदास जी देव स्वरूप हैं और उनका व्यक्तित्व संघर्षशील रहा है। मुख्यमंत्री ने महंत जी के 86वें जन्मोत्सव पर बधाई और मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि महंत जी ने रामजन्मभूमि न्यास के साथ ही कृष्ण जन्मभूमि न्यास के प्रमुख का दायित्व संभाला है। डॉ यादव ने महंत जी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

Next Post

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर श्रीनगर पहुंचे

Thu Jun 20 , 2024
श्रीनगर, 20 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर श्रीनगर पहुंचे। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और अन्य वरिष्ठ नागरिक और सुरक्षा अधिकारियों ने श्रीनगर के तकनीकी हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री की अगवानी की। श्रीनगर रवाना […]

You May Like