रीवा: चिरहुलानाथ मंदिर में अन्य बड़े मंदिरों की तरह ही अलग से अन्न क्षेत्र का निर्माण कराया जा रहा है. इसके साथ ही मुख्य सडक़ से मंदिर तक कॉरिडोर का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है. इन सभी कार्यों के पूर्ण हो जाने पर चिरहुला मंदिर एवं परिसर और भी आकर्षक व भव्य हो जायेगा.कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने चिरहुला मंदिर परिसर के विस्तारीकरण कार्य का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
चिरहुलानाथ मुख्य मंदिर के बगल में एक करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से प्रवचन हाल के साथ ही पुजारियों के आवास बनाए जा रहे हैं. कलेक्टर ने स्थल निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी को आगामी 6 माह में कार्य को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए. उन्होंने मंदिर तक 58 मीटर लंबाई के कॉरिडोर निर्माण कार्य के बारे में जानकारी प्राप्त की. निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि चिरहुला तालाब से लगे क्षेत्र में रिटर्निंग बाल बनाकर कॉरिडोर बनाया जाएगा. कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कॉरिडोर में हरियाली तथा अन्य आकर्षक सजावट कर इसे खूबसूरत बनाएं.
चिरहुला मंदिर परिसर में नवनिर्मित दुकानों के ऊपर एक करोड़ की लागत से दो हाल बनाए जा रहे हैं जो अन्न क्षेत्र के उपयोग में आएंगे. कलेक्टर ने कहा कि मंदिर से हटकर अन्न क्षेत्र के बन जाने से मंदिर परिसर स्वच्छ रहेगा तथा श्रद्धालुओं को भी सुविधायुक्त अन्न क्षेत्र उपलब्ध हो सकेगा. कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को व्यवस्थित ढंग से अन्न क्षेत्र निर्माण के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन पार्किंग स्थल एवं चिरहुला मंदिर तक प्रस्तावित सडक़ का अवलोकन किया तथा निर्देश दिए कि पूर्व से निर्मित इस सडक़ का अतिक्रमण हटाकर इसे चौड़ा मार्ग बनाएं जिससे चिरहुला मंदिर तक के लिए एक अन्य मार्ग की भी उपलब्धता हो सके. इस दौरान कलेक्टर ने चिरहुला मंदिर में दर्शन किए. निरीक्षण के दौरान एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी उपस्थित रहे.
काम पूरा होने के बाद खूबसूरत दिखेगा मंदिर परिसर
चिरहुला हनुमान मंदिर परिसर का सौन्दर्यीकरण किया जा रहा है. मंदिर और तालाब से लगी दुकानो को हटा दिया गया है और अब आने जाने वाले मार्ग को चौड़ा किया जा रहा है ताकि लोगो को आने जाने में किसी तरह की दिक्कत न हो. कार्य पूरा होने के बाद मंदिर परिसर की खूबसूरती बढ़ जाएगी. रीवा-गुढ़ मार्ग में स्थित प्रवेश द्वार से लेकर मंदिर परिसर तक खूबसूरत सजावट की जाएगी. बनकर तैयार होने के बाद मंदिर परिसर सबसे भव्य दिखेगा. कलेक्टर ने गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिये
