तेलघानी चौराहे पर धू-धू कर जली नगर पालिका की कचरा गाड़ी

गुना: शहर के व्यस्ततम तेलघानी चौराहे पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नगर पालिका की एक नई कचरा गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई।गनीमत यह रही कि आग की लपटों पर समय रहते काबू पा लिया गया, अन्यथा बीच चौराहे पर कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सुबह लगभग 8:30 बजे नगर पालिका की नई कचरा गाड़ी वार्डों से कचरा संग्रहण कर डंपिंग ग्राउंड की ओर जा रही थी। जैसे ही गाड़ी तेलघानी चौराहे पर पहुँची, इंजन के पास वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें ड्राइवर के केबिन तक पहुँच गईं।
आग की भयावहता देख ड्राइवर अवधेश अहिरवार ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत गाड़ी रोकी और शोर मचा दिया। आसपास के स्थानीय दुकानदार तुरंत मदद के लिए दौड़े। दुकानदारों ने बिना वक्त गंवाए ड्रमों में पानी भरकर आग पर डालना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।ड्राइवर अवधेश ने बताया कि गाड़ी नई है और उसका मेंटेनेंस भी ठीक है, लेकिन इंजन गर्म होने या वायरिंग की खराबी के कारण अचानक आग भड़क उठी। चूंकि गाड़ी में सूखा कचरा लदा था, इसलिए आग तेजी से फैलने लगी थी। यदि समय पर पानी नहीं डाला जाता और पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ जाती, तो भीड़भाड़ वाले चौराहे पर स्थिति नियंत्रण से बाहर हो सकती थी। समय रहते स्थानीय लोगों और ड्राइवर की सक्रियता ने एक गंभीर दुर्घटना को टाल दिया। फिलहाल स्थिति सामान्य है और गाड़ी को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।

Next Post

स्पीकर के खिलाफ प्रस्ताव खारिज होने के बाद आज फिर गरमाएगी लोकसभा, वित्तीय मांगों पर होगी अहम चर्चा

Thu Mar 12 , 2026
नई दिल्ली | संसद के बजट सत्र 2026 के दौरान बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही हंगामेदार रही। सदन में लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को पद से हटाने की मांग वाले विपक्षी प्रस्ताव को चर्चा के बाद ध्वनिमत से खारिज कर दिया गया। आज सदन की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें सदस्य […]

You May Like