मूंगफली के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 14 किलो अफीम जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

नीमच। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो कोटा की टीम ने नीमच में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 14 किलो 300 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है। यह कार्रवाई महू-नीमच रोड स्थित भाटखेड़ा चौराहे के पास की गई, जहां बाइक से अफीम की तस्करी की जा रही थी।

सीबीएन को पहले से खुफिया सूचना मिली थी कि भाटखेड़ा चौराहे से मल्हारगढ़ की ओर एक मोटरसाइकिल के जरिए अवैध अफीम ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर चित्तौडग़ढ़-2 डिवीजन के अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित कर संदिग्ध मार्गों पर निगरानी शुरू की गई।

निगरानी के दौरान टीम ने बताए गए हुलिए की एक मोटरसाइकिल को भाटखेड़ा चौराहे के पास रोका। वाहन पर सवार दोनों व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर टीम ने बाइक और उनके सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग में ऊपर मूंगफली भरी हुई थी, जबकि उसके नीचे 10 अलग-अलग पैकेटों में अवैध अफीम छिपाकर रखी गई थी। जांच में इन पैकेटों से कुल 14 किलो 300 ग्राम अफीम बरामद की गई।

कार्रवाई के बाद सीबीएन अधिकारियों ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए बरामद अफीम और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। साथ ही बाइक पर सवार दो आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।

सीबीएन अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि अफीम तस्करी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी है।

Next Post

भीम आर्मी की संकल्प यात्रा पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले दागे

Wed Mar 11 , 2026
ग्वालियर/दतिया। गोराघाट में बुधवार को आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी की संकल्प यात्रा के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हो गया। बिना अनुमति के ग्वालियर की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को वाटर कैनन, आंसू गैस और हल्के लाठीचार्ज का […]

You May Like