वाराणसी, 24 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और एयर शो के मद्देनजर गंगा घाटों सहित शहर के सभी प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रविवार को होने वाले एयर शो के दौरान आमजन की घाटों तक पहुंच आसान बनाने पर जोर देते हुए अनावश्यक बैरिकेडिंग से बचने और भारी भीड़ के मद्देनजर बेहतर प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक में शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी गंगा घाटों पर अतिरिक्त सफाई, पर्याप्त संख्या में शौचालय, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान, रूट डायवर्जन और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को जिला प्रशासन और पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने घाटों पर सिल्ट की सफाई, 200 मोबाइल शौचालय, 280 वाटर टैंकर और घाटों सहित विभिन्न मार्गों पर दो हजार डस्टबिन रखने की व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सफाई व्यवस्था के लिए 200 सफाई स्वयंसेवकों के साथ पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों को लगाया गया है।
मुख्यमंत्री ने पूरे शहर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में पड़े कूड़े को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।