गढ़चिरौली, 7 अक्टूबर (वार्ता) कभी नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाले महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले ने नीति आयोग के ‘आकांक्षी जिला कार्यक्रम’ के तहत अप्रैल-जून 2026 की तिमाही के लिए राष्ट्रीय स्तर पर समग्र डेल्टा रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है।
जिला सूचना कार्यालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार, अप्रैल-जून 2026 तिमाही के लिए जारी रैंकिंग में गढ़चिरौली ने देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जम्मू-कश्मीर का बारामूला जिला दूसरे स्थान पर रहा। इस उपलब्धि का श्रेय विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों को दिया गया है, जिसके परिणामस्वरूप जिले के प्रमुख विकास संकेतकों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।
गढ़चिरौली जिले ने कृषि और जल संसाधन क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। नीति आयोग द्वारा डेल्टा रैंकिंग का निर्धारण 5 मुख्य क्षेत्रों स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन व कौशल विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़े 48 संकेतकों में हुई प्रगति के आधार पर किया जाता है।
जिलाधिकारी अविश्यांत पांडा ने बताया कि जिला प्रशासन और जिला परिषद की पूरी टीम ने एक साथ मिलकर काम किया, जिससे यह बड़ा बदलाव संभव हो सका है। उन्होंने इस सफलता के लिए पूरी टीम को बधाई दी और इसे भविष्य में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने की प्रेरणा बताया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए गढ़चिरौली के जिला प्रशासन, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, उद्यमियों और जिले के नागरिकों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी हितधारकों के निरंतर सहयोग से गढ़चिरौली विकास के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
विज्ञप्ति के अनुसार, नीति आयोग ने दूरदराज के क्षेत्रों में जीवन स्तर में सुधार लाने, विकास संबंधी विषमताओं को दूर करने और समावेशी व सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए गढ़चिरौली जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की है
