जबलपुर: सिहोरा थाना अंतर्गत कंकाली मोहल्ले में बीती रात एक ही परिवार के चार लोगों ने उत्पात मचाया। महिलाओं पर लाठी-डंडों से हमला कर घर में तोड़फोड़ की। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी अनुसार श्रीमती गीता केवट (48) ने बताया कि बीती रात करीब 11:30 बजे उनके भतीजे शिवा बर्मन का मोहल्ले के सनी साहू से किसी बात पर विवाद हो गया था। इसी बात को लेकर सनी साहू और उसका भाई अंचल साहू पीड़िता के घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगे। जब गीता केवट, उनकी वृद्ध माँ सुखिया बर्मन और बेटी वैष्णवी ने बाहर आकर उन्हें शांत रहने और गाली न देने को कहा, तो आरोपी उग्र हो गए।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने लाठियों से हमला कर दिया। इसी बीच सनी और अंचल के पिता राजू साहू और भाई अंकित साहू भी वहाँ पहुँच गए और महिलाओं के साथ हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की। दबंगों ने घर के बाहर खड़ी भतीजे शिवा की मोटर सायकल में तोड़फोड़ की और घर के टीन शेड को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हंगामे को देख मोहल्ले के लोग बीच-बचाव करने पहुँचे, जिन्हें देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। हमले में तीनों महिलाओं के हाथों और शरीर में चोटें आई हैं। पुलिस ने गीता केवट की शिकायत पर आरोपी सनी साहू, अंचल साहू, राजू साहू और अंकित साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
