इंदौर: आजाद नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को 10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला आदतन अपराधी बताई जा रही है, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत, अतिरिक्त डीसीपी सुमित कैरकट्टा एवं एसीपी रविंद्र बिलवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदोरिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर उक्त कार्रवाई को आंजाम दिया.
टीम क्षेत्र में गश्त, संदिग्ध चेकिंग और हॉटस्पॉट निगरानी कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि भील कॉलोनी स्थित जाली वाला मैदान में एक महिला मादक पदार्थ की बिक्री कर रही है. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर महिला को पकड़ा. तलाशी में उसके कब्जे से 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. गिरफ्तार महिला की पहचान सरिता उर्फ पंगु बाई उम्र 45 साल निवासी मूसाखेड़ी, आजाद नगर के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है. मामले में डीसीपी जोन 1 नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है और किसी भी हाल में मादक पदार्थों की तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी
