
सौसर। चमत्कारी श्री हनुमान मंदिर जामसांवली में गौ-सेवा और धर्म संरक्षण का एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। जामसांवली धाम में नवनिर्मित ‘बजरंग गौशाला’ का भव्य लोकार्पण आगामी 12 मार्च को शाम 6 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं न्यास प्रबंधक नीरज कुमार वशिष्ठ तथा पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश होंगे। इस गरिमामय अवसर पर मंदिर संस्थान ट्रस्ट के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु साक्षी बनेंगे।
25 एकड़ में फैला आधुनिक परिसर
शासन द्वारा आवंटित 25 एकड़ भूमि पर इस अत्याधुनिक गौशाला का निर्माण किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और गौवंश की सुरक्षा के लिए यहाँ विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां लगभग 15 हजार वर्गफुट में दो बड़े शेड बनाए गए हैं। गौशाला हेतु विशेष डैम (जल संरचना) का निर्माण किया गया है साथ ही नागपुर-छिंदवाड़ा मार्ग से गौशाला तक 600 मीटर पक्की सड़क और आकर्षक विद्युतीकरण इसके अलावा अतिथियों के लिए गौ-भोजन कक्ष और परिसर का भव्य सौंदर्यीकरण किया गया है।
800 गौवंश का होगा संरक्षण
हनुमान मंदिर ट्रस्ट द्वारा संचालित इस गौशाला में लगभग 800 गौवंश के सुरक्षित पालन-पोषण की व्यवस्था है। परिसर में न केवल चारा भंडारण केंद्र बनाया गया है, बल्कि बीमार गौवंश के लिए चिकित्सा सेवा कक्ष और गौ-सेवकों के लिए निवास की व्यवस्था भी की गई है। लोकार्पण के बाद मंदिर की वर्तमान गौशाला से गौवंश को यहाँ स्थानांतरित किया जाएगा। मंदिर संस्थान अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने नवभारत से चर्चा में बताया कि सनातन संस्कृति में गौ-सेवा सर्वोच्च है। यह अत्याधुनिक गौशाला केवल सेवा का केंद्र ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणास्रोत बनेगी।
बनेगा भव्य प्रवेश द्वार
आने वाले समय में नागपुर-छिंदवाड़ा मुख्य मार्ग पर एक भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण भी प्रस्तावित है, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। मंदिर ट्रस्ट ने सभी धर्मप्रेमियों से इस पुनीत कार्य के लोकार्पण समारोह में उपस्थित होने की अपील की है।
