जबलपुर:जबलपुर के कराटे खिलाड़ी आशीष तिवारी ने 5वीं कियो नेशनल कराटे चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 26 फरवरी से 1 मार्च तक नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित की गई, जिसमें देशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया था। आशीष तिवारी वर्तमान में भोपाल स्थित मध्य प्रदेश राज्य कराटे अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं, जहाँ उन्हें प्रतिभावान और अनुभवी कोच कुलदीप कांदिल और दीपक नरवरिया का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।
आशीष का गृह नगर जबलपुर है, जहाँ उन्होंने कराटे की शुरुआती ट्रेनिंग बंगाली क्लब में कोच महेंद्र सोनकर और भगवान दास काछी के निर्देशन में प्राप्त की। आशीष तिवारी की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता कैलाश तिवारी और भारती तिवारी, आशु तिवारी सहित परिजनों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। सभी ने उनकी इस सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
