जबलपुर:नगर निगम की जनसुनवाई अब आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का एक प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। बाबूराव परांजपे वार्ड के अंतर्गत पोलीपात्थर, बादशाह हलवाई मंदिर और रविदास नगर के निवासियों ने क्षेत्र में गंदे पानी की आपूर्ति को लेकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। जनहित के इस गंभीर मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया।
निगमायुक्त के निर्देश पर गठित इस टीम में तकनीकी विशेषज्ञों और मैदानी अमले को शामिल किया गया, ताकि समस्या की जड़ तक पहुँचकर उसका स्थायी समाधान निकाला जा सके। इस टीम में अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपयंत्री निलेश, सहायक यंत्री संदीप जयसवाल, केमिस्ट शुभम, सीएसआई वैभव, टाइम कीपर आदि रहे।गठित टीम ने अविलंब पोलीपात्थर और रविदास नगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने पाया कि कुछ तकनीकी कारणों और पाइपलाइन में लीकेज की वजह से पानी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही थी।
केमिस्ट और इंजीनियरों की मौजूदगी में तत्काल सुधार कार्य प्रारंभ किया गया। निगम की टीम ने न केवल लीकेज को दुरुस्त किया, बल्कि यह भ सुनिश्चित किया कि नागरिकों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति बहाल हो सके। कार्यवाही के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के नागरिकों ने राहत की सांस ली है। बादशाह हलवाई मंदिर और रविदास नगर के निवासियों ने निगमायुक्त और उनकी टीम की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि जनसुनवाई में शिकायत के तुरंत बाद जिस सक्रियता से अधिकारियों ने जमीन पर उतरकर काम किया, वह प्रशंसनीय है।
