मुंबई, 06 मार्च (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू, विद्या बालन को अपना हीरो मानती है। हाल ही में तापसी पन्नू ने बताया कि हिंदी सिनेमा में अपने करियर को लेकर उनकी सोच पर विद्या बालन का कितना गहरा प्रभाव रहा है। तापसी ने कहा कि वह विद्या को अपना “हीरो” मानती हैं, क्योंकि उनकी फिल्मों ने उन्हें यह विश्वास दिलाया कि इंडस्ट्री में महिला कलाकार भी लंबे समय तक मजबूत और दमदार भूमिकाओं के साथ आगे बढ़ सकती हैं।
तापसी पन्नू ने कहा, “विद्या मेरी हीरो हैं, क्योंकि उन्होंने मेरे करियर को देखने का पूरा तरीका बदल दिया। उन्होंने मुझे यह विश्वास दिलाया कि मैं भी ऐसा कर सकती हूं। यकीन मानिए अगर उनकी ‘द डर्टी पिक्चर’ और ‘कहानी’ जैसी फिल्में नहीं बनी होतीं, तो शायद मेरे जैसे कलाकारों को इंडस्ट्री में आगे बढ़ते रहने का साहस ही नहीं मिलता। इन्हीं फिल्मों ने मेरे करियर की ‘शेल्फ लाइफ’ को लेकर मेरा नजरिया बदल दिया क्योंकि यह फ़िल्में तब रिलीज़ हुईं, जब मैं हिंदी फिल्मों में अपने करियर की शुरुआत कर रही थीं। इन फिल्मों की सफलता ने मुझे यह भरोसा दिलाया कि अभिनेत्रियां भी कंटेंट-ड्रिवन और मजबूत कहानियों वाली फिल्मों को अपने दम पर आगे बढ़ा सकती हैं।”

