ऑटो स्पेयर व्यापारी से दिनदहाड़े 12 लाख के आभूषण लूटे

ग्वालियर। शहर में दिनदहाड़े व्यापारी के साथ लूट होने का मामला सामने आया है। कोटा के ऑटो स्पेयर पार्ट व्यापारी भरत भुटानी से तीन नकाबपोश बदमाशों ने लगभग 12 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण लूट लिए। यह घटना गुरुवार दोपहर 3 से 3.30 बजे के बीच पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। बदमाशों ने पहले व्यापारी भरत भुटानी की आंखों में मिर्ची स्प्रे डाला। इसके बाद कट्टा दिखाकर उनके गले से 8 तोला वजनी सोने की चेन और हाथ का कड़ा लूटकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक व्यापारी भरत भुटानी निवासी 157 राजीव गांधी नगर, कोटा ग्वालियर में तानसेन नगर में रहने वाले अपने एक व्यापारी मित्र से मिलने के लिए गुरूवार को एक्टिवा पर सवार होकर जा रहे थे। तभी रास्ता भटकने के कारण वे रेलवे पटरी की तरफ चले गए, जहां पहले से ही मौजूद तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। घटना के कुछ देर बाद व्यापारी ने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हालांकि, पुलिस को इस लूट के मामले पर अभी संदेह भी है। भरत भुटानी ने पुलिस को बताया कि वे 27 फरवरी को कोटा से ग्वालियर आए थे। वे यहां होली पर आदर्श रामलीला समिति द्वारा आयोजित रामलीला में शामिल होने पहुंचे थे। व्यापारी पिछले 8 सालों से इस रामलीला में विभिन्न महापुरुषों के किरदार निभाते आ रहे हैं।

इस मामले में पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि व्यापारी ने थाने आकर शिकायत की थी कि उसे गलत रास्ता बताकर बदमाशों ने पहले आंखों पर मिर्ची स्प्रे डाला, फिर सोने के जेवर लूटकर ले गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं। जो भी जांच में सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

कृषि विभाग के 14,537 पदों में से 8,468 रिक्त, पटवारी ने पीएम को लिखा पत्र

Thu Mar 5 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राज्य की कृषि व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति तथा कृषि से जुड़े विभागों में बड़ी संख्या में रिक्त पदों का मुद्दा उठाया है। उन्होंने इसे राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” घोषित करने के साथ […]

You May Like