
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राज्य की कृषि व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति तथा कृषि से जुड़े विभागों में बड़ी संख्या में रिक्त पदों का मुद्दा उठाया है। उन्होंने इसे राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” घोषित करने के साथ गंभीर विरोधाभास बताया है।
अपने पत्र में पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश को अक्सर कृषि प्रधान राज्य कहा जाता है, लेकिन वर्तमान में यह क्षेत्र प्रशासनिक उपेक्षा के कारण कठिनाइयों का सामना कर रहा है। उन्होंने बताया कि आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार कृषि विभाग में स्वीकृत 14,537 पदों में से 8,468 पद रिक्त हैं, जो कुल पदों का लगभग 60 प्रतिशत है।
उन्होंने कहा कि मत्स्य, उद्यानिकी, पशुपालन और दुग्ध विभागों सहित कई सहयोगी विभाग भी कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रहे हैं। सहकारिता तथा खाद्य प्रशासन की व्यवस्थाओं में भी पर्याप्त स्टाफ नहीं है।
पटवारी ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे इस स्थिति की समीक्षा कर राज्य सरकार को शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संस्थागत क्षमता मजबूत करने के निर्देश दें।
