
भोपाल। राजधानी भोपाल में आज भाई-दूज का पर्व पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न इलाकों में बहनों ने अपने भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए तिलक लगाकर उनकी आरती उतारी। इस अवसर पर परिवारों में विशेष पकवान बनाए गए और भाई-बहनों ने एक-दूसरे को उपहार देकर स्नेह प्रकट किया।
भाई-दूज का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक माना जाता है। सुबह से ही घरों में पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया था। बहनों ने पारंपरिक विधि से भाइयों को रोली-चावल का तिलक लगाकर उनकी मंगलकामना की और मिठाई खिलाई। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनकी रक्षा और साथ निभाने का संकल्प दोहराया।
शहर में विशेष रूप से कायस्थ समाज में इस पर्व की अलग ही रौनक देखने को मिली। समाज के परिवारों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भाई-दूज मनाया गया। कई स्थानों पर सामूहिक मिलन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जहां समाज के लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और पारिवारिक रिश्तों की मजबूती का संदेश दिया।
पर्व के चलते बाजारों और मिठाई की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ देखी गई। लोगों ने मिठाइयां, उपहार और पूजा सामग्री की खरीदारी की। इस तरह पूरे शहर में भाई-दूज का पर्व पारिवारिक प्रेम, परंपरा और उमंग के माहौल में मनाया गया।
