ऐतिहासिक कार्यों के लिए याद किया जाएगा नीतीश कुमार का कार्यकाल: शाह

पटना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार का कार्यकाल राज्य में विकास को गति देने और विभिन्न क्षेत्रों में उनके ऐतिहासिक कार्यों के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

श्री शाह ने आज श्री कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद कहा कि पिछले 20 वर्षों के दौरान मुख्यमंत्री के रूप में श्री कुमार ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि 1990 से 2005 तक चलने वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के “जंगल राज” से प्रदेश को बाहर निकालने का श्रेय श्री कुमार को जाता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब श्री कुमार ने राज्य की बागडोर संभाली थी, तब सड़क, बिजली और कानून-व्यवस्था सहित लगभग सभी क्षेत्रों में पूरी तरह अव्यवस्था थी। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों के हित में अपनी ईमानदार कोशिशों और प्रतिबद्धता के कारण श्री कुमार राज्य के सभी गांवों तक बिजली और सड़क पहुंचाने में सफल रहे। उनकी सरकार ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में मूलभूत अवसंरचना में व्यापक सुधार किया।

श्री शाह ने कहा कि श्री कुमार जेपी आंदोलन की उपज हैं और वह वरिष्ठ नेता जयप्रकाश नारायण की विचारधारा के सच्चे अनुयायी साबित हुए। उन्होंने लंबे राजनीतिक जीवन में कभी अपने मूल सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की छवि हमेशा साफ-सुथरी रही है और इतने लंबे राजनीतिक जीवन में कभी भी उनकी ईमानदारी और उच्च नैतिकता पर सवाल नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्री के रूप में भी श्री कुमार की भूमिका उल्लेखनीय रही।

श्री शाह ने कहा कि यह संतोष की बात है कि लंबे समय बाद नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य बनकर फिर से केंद्रीय राजनीति में जाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी श्री कुमार के साथ राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है और दोनों का नई जिम्मेदारियों के लिए केंद्रीय राजनीति में स्वागत है।

गौरतलब है कि कल शाम से ही जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से राज्यसभा जाने वाले नामों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म था और अनिश्चितताओं के बीच श्री कुमार ने आज स्वयं सोशल मीडिया साइट

‘ एक्स’ पर घोषणा की कि वह राज्यसभा जा रहे हैं।

नीतीश कुमार ने आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के चार अन्य उम्मीदवारों नितिन नवीन, शिवेश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा और रामनाथ ठाकुर के साथ अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है।

Next Post

इंद्रजीत कुमार का जीवन सर्वहारा वर्ग की सेवा के लिए समर्पित रहा : ज्ञान सिंह

Thu Mar 5 , 2026
सीधी।मानव सेवा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और सर्वहारा वर्ग के लोकप्रिय नेता स्व. इंद्रजीत कुमार पटेल की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन सीधी में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर […]

You May Like