भोपाल: राजधानी में होली के उल्लास के बीच राजनीतिक सौहार्द और आत्मीयता का भी रंग देखने को मिला। एक ओर जहां मामा के घर पर जमकर होली खेली गई और कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने उत्साहपूर्वक पर्व मनाया, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
डॉ यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मां नर्मदा से प्रार्थना है कि शिवराज सिंह चौहान दीर्घायु हों, सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें तथा राष्ट्र सेवा के लिए उन्हें सतत ऊर्जा प्राप्त होती रहे। उन्होंने उनके सार्वजनिक जीवन की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव और नेतृत्व देश व प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
