जबलपुर: मध्य प्रदेश शासन के निगम मंडलों में शीघ्र ही पदाधिकारियों की नियुक्तियाँ होने जा रही हैं। खबर है कि ये नियुक्तियाँ होली के बाद हो जाएंगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निगम मंडलों में नियुक्त होने वाले नेताओं के नामों की सूची भी तैयार हो चुकी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल अपने स्तर पर सूची को अंतिम रूप भी दे चुके हैं। बस अब इस सूची को भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व से मंजूरी मिलने का इंतजार है।
जानकारी के अनुसार जबलपुर जिले के कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं के नाम निगम मंडलों में नियुक्ति के लिए चर्चा में आ चुके हैं। जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री अजय विश्नोई, विधायक अशोक रोहाणी , विधायक अभिलाष पांडे , भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद गोंटिया, पूर्व मंत्री शरद जैन, दीपांकर बैनर्जी, ग्रामीण क्षेत्र के पूर्व विधायक नरेन्द्र त्रिपाठी का नाम शामिल है और ये निगम मंडल अध्यक्ष में नियुक्ति के लिए ऐड़ी चोटी का जोर भी लगा रहे हैं। विदित हो कि प्रदेश में निगम मंडलों में नियुक्तियों का मामला लंबे समय से लटकते जा रहा है। लेकिन ताजी खबर के मुताबिक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने निगम मंडलों के साथ ही शासकीय समितियों एवं नगरीय निकायो में एल्डरमैन की नियुक्ति आदि की दिशा में सूचियाँ तैयार कराने का काम भी करा लिया है।
क्षेत्रीय-जातीय संतुलन का रखा जा रहा ध्यान
राजनैतिक विशेषज्ञों की माने तो भाजपा निगम मंडलों में नियुक्ति के लिए सभी पक्षों को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाएगा, इसमें क्षेत्रीय संतुलन तथा जातीय संतुलन का भी विशेष रूप से ध्यान रखा जा रहा है। भाजपा के ऐसे नेता जो कि विधानसभा के चुनाव में हार चुके हैं या फिर ऐसे नेता जिन्हें विधानसभा का चुनाव लडऩे का मौका नहीं मिला है उन्हें भी निगम मंडलों में नियुक्तियाँ दी जा सकती हैं। 2028 में विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं ,इन चुनावों को ध्यान में रखकर भी निगम मंडलों में नियुक्तियाँ की जाएंगी। वहीं प्रदेश के सभी जातीय वर्गों के लोगों को भी प्रतिनिधित्व मिले इस बात को भी नियुक्ति के पहले ध्यान में रखा गया है।
