भोपाल: सीएम डॉ मोहन यादव ने आज एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मध्यप्रदेश ने ग्रीन एनर्जी को विकास का आधार बनाया है और राज्य का बजट 2026-27 जनजातीय बहुल क्षेत्रों के समग्र विकास का संकल्प लेकर आया है। उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 793 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे जनजातीय अंचलों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, स्थानीय आजीविका के अवसर और सांस्कृतिक संरक्षण को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करना है, ताकि हर क्षेत्र और हर वर्ग को समान अवसर मिल सके। ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देकर प्रदेश सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, वहीं जनजातीय समाज को मुख्यधारा से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की ठोस पहल भी की जा रही है।
