लागोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आग लगने से छह लोग घायल

लागोस, 24 फरवरी (वार्ता) नाइजीरिया के शहर लागोस में मुर्तला मुहम्मद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एमएमआईए) के ओल्ड टर्मिनल-1 में सोमवार को आग लग गयी, लेकिन एयरपोर्ट प्रबंधन ने बिना किसी बड़े नुकसान के इस पर काबू पा लिया और उड़ान परिचालन पूरी तरह बहाल कर दिया गया। लागोस के एयरपोर्ट पुलिस कमान ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। कमान के जनसंपर्क अधिकारी एएसपी मोहम्मद अदेओला द्वारा जारी बयान में कहा गया कि 23 फरवरी को हुई इस घटना को सफलतापूर्वक नियंत्रित कर लिया गया। आग की घटना के कारण उड़ान परिचालन बाधित हुआ था, कई यात्री फंस गये थे और कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को मोड़ना पड़ा था, क्योंकि इससे कंट्रोल टावर की गतिविधियां प्रभावित हुई थीं। आग बुझाने के दौरान टर्मिनल के कुछ हिस्सों से घना धुआं उठता देखा गया और दमकलकर्मियों को कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी।

कमान ने बताया कि उसी दिन बाद में स्थिति को स्थिर कर लिया गया। बयान में कहा गया, “ एयरपोर्ट पुलिस कमान, इकेजा, लागोस, जनता को सूचित करते हुए प्रसन्नता व्यक्त करता है कि मुर्तला मुहम्मद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के ओल्ड टर्मिनल-1 भवन में लगी आग को सफलतापूर्वक काबू में कर लिया गया है।”
अदेओला ने कहा कि ओल्ड टर्मिनल भवन के एक हिस्से में लगी आग को सभी संबंधित एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से पूरी तरह बुझा दिया गया। उन्होंने कहा, “ उसी दिन देर रात तक स्थिति पूरी तरह स्थिर हो गयी थी। ” कमान के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में फंसे 12 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी को तत्काल चिकित्सकीय सहायता दी गयी। किसी के हताहत की सूचना नहीं है। पुलिस ने पुष्टि की कि उड़ान परिचालन पूरी तरह बहाल कर दिया गया है।
श्री अदेओला ने कहा, “ अस्थायी रूप से बाधित उड़ानें अब दोबारा सामान्य रूप से संचालित होने लगी हैं। सभी गतिविधियों को न्यू टर्मिनल में स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि ओल्ड टर्मिनल-1 भवन को आगे के आकलन और मंजूरी तक सभी प्रकार के परिचालन और प्रवेश के लिए बंद रखा गया है। ”

Next Post

ईरान में सेना हेलीकॉप्टर हादसे में चार लोगों की मौत

Tue Feb 24 , 2026
तेहरान, 24 फरवरी (वार्ता) ईरान के इस्फहान प्रांत में मंगलवार सुबह सेना का एक हेलीकॉप्टर फल और सब्जी मंडी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे चार लोगों की मौत हो गई। अर्ध-सरकारी संवाद समिति फार्स ने यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह 9:09 बजे विमान बाजार के […]

You May Like