मुंबई, 23 फरवरी (वार्ता) अमेरिका में आयात शुल्क घटने से घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को तेजी देखी गई और बीएसई का सेंसेक्स 600 अंक से अधिक उछाल गया। सेंसेक्स 92.12 अंक की बढ़त में 82,824.71 अंक पर खुला। एक समय या करीब 671 अंक चढ़कर 83486.15 अंक पर पहुंच गया था। खबर लिखे जाते समय यह 598.63 अंक (0.72 प्रतिशत) ऊपर 83,413.34 अंक पर था।
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा विभिन्न देशों पर लगाये गये ऊंचे आयात शुल्क को अवैध बताते हुए उसे रद्द कर दिया। इसके बाद ट्रंप प्रशासन ने सभी देशों पर एक समान 10 प्रतिशत आयात शुल्क लगाने की घोषणा की थी जिसे एक दिन बाद ही बदलकर 15 प्रतिशत कर दिया गया है। कर की यह दर भारत के साथ अंतरिम व्यापार समझौते में तय 18 प्रतिशत की दर से कम है जिससे भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों का विश्वास बढ़ा है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 107.15 अंक चढ़कर 25,571.25 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 184.35 अंक यानी 0.72 प्रतिशत ऊपर 25,755.60 अंक पर था।
आईटी और रसायन को छोड़कर सभी सेक्टरों में तेजी देखी गई। बैंकिंग और ऑटो सेक्टर में ज्यादा मजबूती रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और एयरटेल के शेयर ऊपर चल रहे थे। वहीं, इंफोसिस और एनटीपीसी में गिरावट थी।
