
ब्यावरा। प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा हाल ही में पेश किए बजट में सभी वर्ग के उत्थान हेतु विकास कार्यो, जन हितैषी योजनाओं को मुख्य आधार बनाया गया है. प्रदेश सहित राजगढ़ जिले में विकास के नये आयामों को प्राथमिकता के तौर पर रखते हुए विकास कार्यो के लिए करोड़ों रुपये की सौगात मिली है.
उक्त बात रविवार को स्थानीय शिवानी होटल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश के बजट को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में कही गई. प्रेस वार्ता को राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार द्वारा संबोधित करते हुए बजट में समाहित योजनाओं, विकास एवं जनहित के कार्यो को विस्तार पूर्वक रखा गया. उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.
बजट मूलभूत सुविधाओं सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं, ढांचागत विकास के लिए अहम है. बजट में गरीब, युवा, किसान एवं नारी शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने, अपने पैरों पर खड़े करने सहित इन वर्ग के उत्थान, विकास के लिए आगामी कई वर्षो को ध्यान में रखते हुए लाभकारी योजनाएं लाकर करोड़ों रुपये का प्रावधान किया गया है.
इस अवसर पर सांसद रोडमल नागर, जिला भाजपाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलवर यादव, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, जिला मिडिया प्रभारी आनंद त्रिपाठी, सह प्रभारी जगदीश दाास, मंडल मिडिया प्रभारी विनोद शर्मा सहित पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ज्ञानी को दृष्टिगत रखते हुए कर रहे कार्य
प्रेस वार्ता में कहा गया कि हमारी सरकार ज्ञानी शब्द को दृष्टिगत रखते हुए कार्य कर रही है. ज्ञानी यानि गरीब, युवा, किसान, नारी शक्ति, इंडिस्ट्रीज. प्रदेश सरकार गरीब वर्ग का उत्थान कर उन्हें आगे लाना चाहती है. गरीब वर्ग के उत्थान के लिए करोड़ों की योजनाएं लाई गई है, देश में सबसे बड़ा वर्ग युवा शक्ति है. शिक्षा, खेल, तकनीकि, रोजगार के क्षेत्र में युवाओं को आगे लाने महत्ती योजनाएं बनाई है, युवा रोजगार पाने के लिए नहीं अपितु रोजगार देने वाला बने. इस मंशा के साथ युवाओं को आगे बढ़ाने का कार्य यह सरकार कर रही है. किसान यानि देश का अन्नदाता किसानों की आमदनी बढ़ाने, खेती के लिए बिजली, खाद सुगमता से मिले. किसान को आत्मनिर्भर बनाने सरकार दृढ़ संकल्प है. नारी सम्मान के लिए सरकार काम कर रही है. नारी शक्ति को रोजगार के अवसर प्रदान करने, महिला समूह के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने सरकार कार्य कर रही है.
सडक़, शिक्षा के लिए करोड़ो की सौगात
बजट में जिले भर में सडक़, शिक्षा के क्षेत्र में विकास हेतु करोड़ों की राशि का प्रावधान किया है. ब्यावरा, सुठालिया, सारंगपुर, राजगढ़ सहित अन्य जगह स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, लैब सहित अन्य सुविधा हेतु प्रावधान किया है. ब्यावरा में कई प्रमुख मार्गो के निर्माण, नरसिंहगढ़-बैरसिया के बीच पार्वती नदी पर नवीन पुल निर्माण, राजगढ़ में वीआईपी बायपास, सारंगपुर, खिलचीपुर क्षेत्र में विकास कार्यो हेतु करोड़ो की राशि बजट में समाहित की है.
पहले 7 लाख है., अब 56 लाख है. में सिंचाई
प्रेस वार्ता में कहा गया कि कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश में सिंचाई का रकबा 7 लाख हैक्टर था जो अब भाजपा शासनकाल में सतत् बढ़ते हुए 56 लाख हैक्टर पर जा पहुंचा है. इसी प्रकार पहले प्रदेश में मात्र 5 मेडिकल कॉलेज थे, आज प्रदेश में 30 मेडिकल कॉलेज है.
प्रत्येक विस में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का लक्ष्य
श्री पंवार ने कहा कि वर्ष 2026-27 के लिए 4.38 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया गया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 के 4.21 लाख करोड़ रुपये से लगभग 4 प्रतिशत अधिक है, उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में एक औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत 80 स्थान चिन्हित किए गए है.
किसानों को सोलर सिंचाई पंप और विद्युत सुविधा
कृषि क्षेत्र के लिए विद्युत मंडल द्वारा 5 एचपी तक के कृषि पंपों तथा एक घरेलू कनेक्शन को नि:शुल्क बिजली उपलब्ध कराने हेतु 5,276 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना के तहत 3,000 करोड़ रुपये की लागत से सोलर सिंचाई पंप उपलब्ध कराए जाएंगे.
