इंदौर: होली के त्योहार पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) से जूझ रहे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. रेलवे प्रशासन ने इंदौर से पटना और इंदौर से हजरत निजामुद्दीन के बीच विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है. ये ट्रेनें सीमित अवधि के लिए संचालित होंगी, जिससे उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को आरक्षित सीट (कन्फर्म बर्थ) मिलने की संभावना बढ़ेगी.
जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि डॉ. आंबेडकर नगर (महू) से पटना के बीच साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी. ट्रेन संख्या 09343/09344 के रूप में संचालित होने वाली यह सेवा 26 फरवरी से 26 मार्च तक चलेगी. महू से प्रस्थान: शाम 6 बजे, पटना आगमन: अगले दिन शाम 6.30 बजे, पटना से वापसी: प्रत्येक शुक्रवार रात 9.30 बजे, इंदौर आगमन: अगले दिन रात 11.55 बजे, इस सेवा से मध्यप्रदेश से बिहार जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं इंदौर से दिल्ली के लिए भी अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं.
22 फरवरी से 27 मार्च तक इंदौर और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बीच विशेष ट्रेन चलाई जाएगी. जबकि ट्रेन संख्या 09309 (इंदौर से) प्रत्येक रविवार और शुक्रवार शाम 5 बजे प्रस्थान, अगले दिन सुबह 5 बजे दिल्ली आगमन होगा. वहीं ट्रेन संख्या 09310 (दिल्ली से) 23 फरवरी से प्रत्येक सोमवार और शनिवार सुबह 8.20 बजे प्रस्थान, रात 9 बजे इंदौर आगमन. जनसंपर्क अधिकारी ने यह भी बताया कि त्योहार के आसपास नियमित ट्रेनों में टिकटों की भारी किल्लत देखी जा रही थी. कई गाड़ियों में प्रतीक्षा सूची सैकड़ों तक पहुंच चुकी थी. इसी दबाव को कम करने के लिए इन विशेष ट्रेनों को हरी झंडी दी गई है.
यात्रियों को मिलेगी सहूलियत
होली के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपने गृह नगर लौटते हैं. ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को राहत मिलेगी और अवैध दलालों पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है. रेलवे प्रशासन ने जल्द ही विस्तृत समय-सारणी और ठहराव स्टेशनों की सूची जारी करने की बात कही है
