सुनियोजित तरीके से रीवा में विकास के कार्य किए जा रहे हैं: उप मुख्यमंत्री

रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेनद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा में विकास के कार्य सुनियोजित तरीके से कराए जा रहे हैं. रीवा अलग तरीके से विकसित हो रहा है. आने वाली पीढ़ी को एक ऐसे रीवा की सौगात दिए जाने के प्रयास हैं जहाँ सभी आवश्यकताओं की पूर्ति हो तथा उन्हें अच्छा माहौल भी मिले. उप मुख्यमंत्री ने 164.01 लाख रुपए से निर्मित व्यंकट क्लब के नवीन भवन का लोकार्पण किया.

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर क्लब से शहर की पहचान होती है. व्यंकट क्लब की रीवा में अपनी एक अलग पहचान है. अब इसके नवीन भवन के बन जाने से अन्य शहरों के क्लब के साथ इसका एमओयू होगा तो बाहर के लोग आकर यहाँ की व्यवस्थाओं और सुविधाओं की चर्चा करेंगे. उन्होंने कहा कि नवीन भवन में शीघ्र फर्नीचर व अन्य आवश्यकताओं की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं. श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा में पुनर्घनत्वीकरण से हुए कार्यों की अपनी एक अलग ही सुंदरता है. उन्होंने निर्माण एजेंसी व संविदाकार को बेहतरीन क्लब भवन निर्माण के लिए धन्यवाद दिया. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में हवाई सुविधाओं के विस्तार के बाद से मात्र दो माह में 11 हजार लोग हवाई सफर कर चुके हैं. रीवा-दिल्ली वायुयान सेवा पूरे सप्ताह चलाए जाने तथा रीवा से रायपुर के लिए हवाई सेवा शुरू करने के कार्य प्राथमिकता में हैं. उन्होंने रीवा से सिंगरौली रेल लाइन व सिंचाई के लिए नईगढ़ी माइक्रो की प्रगति में कमिश्नर बीएस जामोद द्वारा किए जा रहे सतत मानीटरिंग के लिए साधुवाद दिया.

इस अवसर पर क्लब के उपाध्यक्ष एवं सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह ने कहा कि क्लब को बेहतर बनाने के सभी प्रयास होंगे. उप मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से क्लब को नवीन भवन की सौगात मिली है. रीवा शहर मध्यप्रदेश का सबसे तेजी से बढ़ता हुआ शहर है. रीवा जिला उत्तरोत्तर नई उड़ान व ऊंचाईयों को छू रहा है. क्लब के पदेन अध्यक्ष रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि रीवा की पहचान में क्लब के नए भवन का नाम भी जुड़ गया है. क्लब के सशक्त होने से स्वस्थ नागरिक व सशक्त समाज का निर्माण होता है. क्लब वह स्थान है जहाँ लोगों का आपस में मेल-जोल बढ़ता है. उन्होंने सदस्यों से यहाँ की सुविधाओं का उपयोग करने की अपेक्षा की. श्री जामोद ने कहा कि क्लब के प्राचीन ऐतिहासिक भवन का पुनरूद्धार होगा तथा क्लब परिसर की खुली भूमि का बेहतर उपयोग भी किया जाएगा. महिला क्लब को भी वैधानिक मान्यता दी जाएगी और आने वाले दिनों में अच्छी गतिविधियाँ संचालित होंगी.

इससे पूर्व क्लब के मानसेवी सचिव डॉ. आनंद सिंह ने जानकारी दी कि व्यंकट क्लब की स्थापना 1937 में हुई थी. अब इसका नवीन भवन बन बया है. उन्होंने नवीन भवन में फर्नीचर व्यवस्था की मांग की. श्री सिंह ने आश्वस्त किया कि सभी के सहयोग से क्लब उत्तरोत्तर प्रगति करेगा. कार्यक्रम में तकनीकी प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कार्यपालन यंत्री हाउसिंग बोर्ड अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि 164.01 लाख रुपए से निर्मित दो मंजिले क्लब भवन के भूतल में रेस्टोरेंट, हॉल तथा प्रथम तल में 8 कमरों का निर्माण कराया गया है. कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन डॉ. आदित्य तिवारी ने किया. कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमरजीत सिंह द्वारा किया गया. इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती नीता कोल, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे, एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी, पूर्व सांसद देवराज सिंह, विधायक प्रतिनिधि राजेश पाण्डेय, जयंत खन्ना, संजय सिंह चौहान सहित क्लब के सदस्य व आमजन उपस्थित रहे.

Next Post

पंजाब सरकार आठ मार्च को पेश करेगी बजट: मान

Sat Feb 21 , 2026
चंडीगढ़, 21 फरवरी (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को घोषणा की कि राज्य सरकार आठ मार्च को पांचवां बजट पेश करेगी, जो पहले की तरह ही समाज के हर वर्ग के कल्याण पर केंद्रित होगा। श्री मान ने अहमदाबाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि […]

You May Like