अमेरिका-ईरान के बीच तनाव बढ़ने से सेंसेक्स 1,236 अंक लुढ़का

अमेरिका-ईरान के बीच तनाव बढ़ने से सेंसेक्स 1,236 अंक लुढ़का

मुंबई, 19 फरवरी (वार्ता) अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को तेज गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स 1,236.11 अंक (1.48 प्रतिशत) गिरकर 82,498.14 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 365 अंक यानी 1.41 प्रतिशत लुढ़ककर 25,454.35 अंक पर बंद हुआ। चौतरफा बिकवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों में भी गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.63 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.27 प्रतिशत उतर गया। ईरान के आसपास अमेरिका के सैन्य तैनाती बढ़ाने की खबरों से यूरोपीय बाजारों के साथ घरेलू बाजार में भी निवेश धारना प्रभावित हुई है।

ऑटो, रियलटी और मीडिया समूहों के सूचकांक दो प्रतिशत से अधिक टूट गये। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, बैंकिंग, एफएमसीजी, आईटी, धातु और तेल एवं गैस समूहों में एक से दो प्रतिशत की गिरावट रही। सेंसेक्स की सभी कंपनियां लाल निशान में रहीं। इंडिगो का शेयर करीब सवा तीन फीसदी और महिंद्रा एंड महिंद्रा का लगभग तीन फीसदी नीचे बंद हुआ। अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट, बीईएल, अडानी पोर्ट्स, क्वालिटी वॉल, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा और आईटीसी के शेयर दो से तीन प्रतिशत तक गिर गये। इटरनल, पावरग्रिड, हिंदुस्तान यूनीलिवर, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फिनसर्व, टाइटन, एलएंडटी और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच टूट गये। बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, सनफार्मा और टीसीएस में भी गिरावट रही।

Next Post

चावल, दालें मजबूत, गेहूं, चीनी नरम, खाद्य तेलों में घट-बढ़

Thu Feb 19 , 2026
नयी दिल्ली, 19 फरवरी (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। दालों में भी तेजी रही। गेहूं और चीनी की कीमतों में गिरावट देखी गयी जबकि दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत पांच […]

You May Like