इंदौर: महू थाना क्षेत्र के पत्ती बाजार इलाके में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया. दो बदमाशों ने एक व्यवसायी के मकान को निशाना बनाते हुए एयर गन से लगातार फायरिंग कर दी, जिससे घर की खिड़कियों के कांच चकनाचूर हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया, हालात संभालने के लिए पुलिस को भारी बल तैनात करना पड़ा.
पुलिस के मुताबिक, वारदात पत्ती बाजार स्थित शीतला माता मंदिर के पास हुई.
फरियादी विनय चौहान ने बताया कि आरोपी फरहान और मुख्तियार से उनका पुराना विवाद चल रहा है. इसी रंजिश के चलते मंगलवार शाम करीब चार बजे से रात नौ बजे के बीच दोनों आरोपियों ने दो बार उनके मकान पर एयर गन से फायर किए. अचानक चली गोलियों की आवाज और टूटते कांच से परिवार सहित आसपास के लोग सहम गए. घटना की खबर फैलते ही स्थानीय व्यापारी और रहवासी बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब चार घंटे तक विरोध प्रदर्शन करते रहे.
चार थानों का पुलिस बल बुलाया, स्थिति नियंत्रण में
हालात बिगड़ते देख मौके पर एएसपी रूपेश द्विवेदी और एसडीओपी ललित सिकरवार पहुंचे. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए महू के साथ किशनगंज, बड़गोदा और मानपुर थानों से टीआई सहित अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया. अधिकारियों ने भीड़ को समझाइश देकर शांत कराया और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया. फिलहाल पुलिस ने फरहान और मुख्तियार के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया है. एहतियातन इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.
