खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

सिंगरौली: जिले के जयंत चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुड़वानी डैम के समीप मंगलवार रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब कोयला परिवहन में लगे एक ट्रिप ट्रेलर से बाइक सवार दो युवक टकरा गए और ट्रेलर के नीचे जा घुसे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रिप ट्रेलर मुड़वानी डैम से जयंत जाने वाले मार्ग पर ब्रेकडाउन होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था।

इसी दौरान जयंत से मोरवा की ओर जा रहे बाइक सवार युवक ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक ट्रेलर के नीचे फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही जयंत चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीसीएल के नेहरू शताब्दी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान मोहम्मद समीर की मौत हो गई, जबकि राहुल कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार ने बताया कि ट्रेलर ब्रेकडाउन होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ट्रेलर के पीछे पर्याप्त संकेतक या सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिससे बाइक सवारों को वाहन का अंदाजा नहीं लग सका और हादसा हो गया।पुलिस ने ट्रेलर चालक और वाहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोगों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Next Post

अल्काराज ने दर्ज की 150वीं हार्ड-कोर्ट जीत

Wed Feb 18 , 2026
दोहा, 18 फरवरी (वार्ता) कार्लोस अल्काराज ने कतर एक्सॉनमोबिल ओपन में अपने विरोधी जैनिक सिनर की तेज शुरुआत के साथ तालमेल बनाए रखा, हालांकि टॉप सीड को मंगलवार को दोहा में अपने शुरुआती टेस्ट में और मेहनत करनी पड़ी। ऑस्ट्रेलियन ओपन में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले सबसे कम […]

You May Like