इंदौर: हीरानगर पुलिस ने एक विदेशी युवक को गिरफ्तार कर शहर में अवैध रूप से निवास करने के मामले का खुलासा किया है. आरोपी वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद करीब तीन साल से इंदौर में रह रहा था और पुलिस से बचता फिर रहा था.पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान डॉन पेड्रो चार्लिस निवासी सनसिटी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नाइजीरिया का रहने वाला है. वह कई वर्ष पहले इंदौर आकर एक बीपीओ कंपनी में काम कर रहा था, लेकिन वर्ष 2023 में उसका वीजा समाप्त हो गया था. इसकी सूचना संबंधित विभाग द्वारा पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद से लसूड़िया पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी.
हैरानी की बात यह सामने आई कि आरोपी लसूड़िया क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराए से रह रहा था, जहां पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के भी आवास बने हुए हैं. लंबे समय तक नजरों से बचते रहने के बाद सोमवार को सूचना मिली कि वह हीरानगर इलाके में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने आया है. इस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे धर दबोचा. पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि उसका वीजा करीब तीन साल पहले खत्म हो चुका था और उसने जानबूझकर इसकी जानकारी किसी को नहीं दी. पुलिस अब उसके मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है और विदेशी अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
