
भोपाल। गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल (जीएमसी) की छात्रा रोशनी की आत्महत्या के मामले को लेकर सोमवार को कॉलेज के छात्रों में आक्रोश देखने को मिला। न्याय की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हुए और उन्होंने कोहेफिजा थाना पहुंचकर थाने का घेराव किया।
छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी और प्रशासन से त्वरित कदम उठाने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी।
