रेखा गुप्ता ने फतेहपुर बेरी से 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का किया लोकार्पण

नयी दिल्ली, 13 फरवरी (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वास्थ्य क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में शुक्रवार को दक्षिण दिल्ली स्थित फतेहपुर बेरी गांव से राजधानी को 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की सौगात दी।

श्रीमती गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक को समय पर सुलभ और किफायती उपचार उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थापना से स्वास्थ्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव आया है। इन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को न केवल उपचार बल्कि प्रोमोटिव और प्रिवेंटिव स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार स्वास्थ्य को खर्च नहीं, बल्कि निवेश मानती है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर केवल इलाज का केंद्र नहीं, बल्कि रोकथाम, जागरूकता और विश्वास का केंद्र हैं। जब नीयत साफ हो और संकल्प मजबूत हो तो परिणाम भी तेज आते हैं। केवल एक वर्ष के भीतर 370 आरोग्य मंदिर स्थापित करना इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि सरकार जल्द ही 1100 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करने के लक्ष्य को भी पूरा करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में व्यापक और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां लगभग 80 प्रकार की निःशुल्क जांच, आवश्यक दवाइयों की मुफ्त उपलब्धता, उन्नत डायग्नोस्टिक सेवाएं और कैंसर स्क्रीनिंग उपलब्ध है। साथ ही, टीकाकरण सेवाएं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कक्ष, बुज़ुर्गों की देखभाल और गैर-संचारी रोगों की जांच जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इन केंद्रों में आधुनिक और मरीज-अनुकूल बुनियादी ढांचा विकसित किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन सुविधाओं से लोगों को बड़े अस्पतालों में लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी और उन्हें समय पर उपचार प्राप्त हो सकेगा।

उन्होंने दक्षिण दिल्ली में ही छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में 322 करोड़ रुपये से अधिक लागत की बहुप्रतीक्षित विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़कों का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण, नालियों का निर्माण और सुधार, ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक ढांचागत सुधार, स्कूलों का उत्थान और सार्वजनिक सुविधाओं का विकास शामिल है। साथ ही, विधानसभा की कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार भी सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि उनकी सरकार ने महरौली-बदरपुर रोड पर 1471 करोड़ रुपये की लागत से डबल डेकर फ्लाईओवर को मंजूरी दी गई है।

 

 

Next Post

यूएई ने टी-20 विश्वकप में कनाडा को पांच विकेट से हराया

Fri Feb 13 , 2026
नयी दिल्ली 13 फरवरी (वार्ता) जुनैद सिद्दीकी (पांच विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद आर्यंष शर्मा (नाबाद 74) और सोहैब खान (51) की आतिशी अर्धशतकीय परियों की बदौलत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने शुक्रवार को टी-20 विश्वकप के 20वें मुकाबले में कनाडा को दो गेंदे शेष रहते पांच विकेट से […]

You May Like

Play sound