
ग्वालियर। समाज परिवर्तन केवल कहने से नहीं करने से होगा। पंच परिवर्तन-सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्व बोध, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्य के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य क्षेत्र के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंदापुरकर ने विनय नगर सेक्टर-4 स्थित जीपीएस स्कूल में आयोजित गरगज नगर की प्रमुख जन गोष्ठी में मुख्य वक्ता की आसंदी से कही। संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लश्कर जिला संघचालक सुनील पाठक ने की। इस अवसर पर गरगज नगर संघचालक मानसिंह जादौन भी मंचासीन रहे। मुख्य वक्ता इंदापुरकर ने कहा कि पंच परिवर्तन के सभी विषयों को हमें अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने संघ के 100 वर्षों के कार्यों के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए आद्य सरसंघचालक डॉ. हेडगेवार और गुरुजी के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों को उल्लेख किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में एकल गीत नवल गौड़ ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन नगर कार्यवाह उदय यादव ने एवं आभार नगर संघचालक मानसिंह जादौन ने व्यक्त किया।
*मोहना में प्रमुख जनगोष्ठी आज*
संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बरई खंड की प्रमुख जन गोष्ठी 14 फरवरी को दोपहर 12 बजे मोहना में आयोजित की जाएगी। मुख्य वक्ता किशोर पाठक होंगे।
