रूस ने यूक्रेन के कब्जे वाले क्षेत्र से पकड़े गए 74 वर्षीय अमेरिकी स्टीफन हबर्ड को रिहा किया

वाशिंगटन, 21 अक्टूबर (वार्ता) रूस ने 74 वर्षीय अमेरिकी नागरिक स्टीफन हबर्ड को रिहा कर दिया है। उन्हें रूसी सेना के खिलाफ यूक्रेन की ओर से भाड़े के सैनिक के रूप में लड़ने के आरोप में चार साल से अधिक समय तक जेल में रखा गया था।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को उनकी रिहाई की घोषणा करते हुए कहा कि हबर्ड अपने परिवार से मिलने के लिए घर लौट रहे हैं।

मिशिगन के रहने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक हबर्ड को अमेरिकी विदेश विभाग ने गलत तरीके से हिरासत में लिया गया। श्री ट्रंप ने कहा कि पिछले सप्ताह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी सीधी बातचीत के बाद हबर्ड की रिहाई हुई।

श्री ट्रंप के अनुसार, रूस ने रिहाई के बदले कोई मांग नहीं रखी और पुतिन ने मानवीय आधार पर उन्हें छोड़ने पर सहमति जताई।

उन्होंने कहा कि अमेरिका को बदले में रूस को कुछ नहीं देना पड़ा, क्योंकि यह फैसला ‘राष्ट्रपति ट्रंप के प्रति सम्मान’ के कारण लिया गया। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि यदि उन्होंने पिछले सप्ताह रूस पर प्रतिबंधों में ढील नहीं दी होती, जिसकी दोनों प्रमुख अमेरिकी राजनीतिक दलों ने आलोचना की थी, तो ‘निश्चित रूप से ये बातचीत पूरी तरह ठप हो जाती।’

श्री हबर्ड के पुत्र जोसेफ कोलमैन ने अपने पिता की रिहाई सुनिश्चित करने के प्रयासों के लिए ट्रंप और अमेरिकी अधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने पुतिन का भी धन्यवाद करते हुए रिहाई को मानवीय आधार पर उठाया गया ऐसा कदम बताया, जिसकी वे गहराई से सराहना करते हैं।

उन्होंने कई दशक तक विदेशों में अंग्रेजी शिक्षक के रूप में काम किया था। इसके बाद वह 2014 में पूर्वी यूक्रेन के इज्यूम शहर में रहने लगे। वर्ष 2022 में यूक्रेन पर रूस के पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के बाद यह शहर रूसी कब्जे में आ गया था।

रूसी अभियोजकों का आरोप था कि हबर्ड ने यूक्रेनी सेना में शामिल होने के लिए एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत उन्हें कथित तौर पर हर महीने करीब 1,000 डॉलर मिलने थे। उनकी बहन पेट्रीसिया हबर्ड फॉक्स ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें झूठा बताया था।

श्री हबर्ड की रिहाई ऐसे समय हुई है, जब वाशिंगटन और मॉस्को के बीच संबंध सुधारने तथा यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत की व्यापक कूटनीतिक कोशिशें जारी हैं। यह घटनाक्रम अमेरिका और यूक्रेन के बीच तनावपूर्ण संबंधों के दौर में सामने आया है। कीव ने खुफिया जानकारी साझा करने, सैन्य सहायता और अमेरिका के समर्थन से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर चिंता जताई है।

हाल के दिनों में रूसी हिरासत से रिहा होने वाले श्री हबर्ड अकेले अमेरिकी नागरिक नहीं हैं। अगस्त में अमेरिका के पूर्व मरीन रॉबर्ट गिलमैन को उनके स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंताओं के बीच मानवीय आधार पर रिहा किया गया था। उनके समर्थकों ने आरोप लगाया था कि जेल में उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।

रूस में अब भी कई अमेरिकी नागरिक कैद हैं। रिपोर्टों के अनुसार, इनमें हथियारों की तस्करी के मामले में सजा पाए आंद्रे खाचातूरियन, अपने बच्चों से जुड़े आरोपों के बाद हिरासत में लिए गए डेविड बार्न्स, आतंकवाद से संबंधित अपराधों में दोषी ठहराए गए अलेक्जेंडर एंटोनोव, मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में सजा पाई ओल्गा जेजलर और हथियारों की तस्करी के आरोपी चक जिमरमैन शामिल हैं।

 

Next Post

दिल्ली में दशहरे के बाद बिगड़ी हवा, AQI 244 पर पहुंचा ; NCR में GRAP-1 लागू

Thu Oct 22 , 2026
दिल्ली में सर्दियों की शुरुआत के साथ वायु प्रदूषण बढ़ने लगा है। दशहरे पर रावण दहन के अगले दिन राजधानी की हवा की गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के अनुसार, 20 अक्टूबर को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 179 था, जो 21 […]

You May Like