
ग्वालियर। लव मैरिज के करीब 6 महीने बाद नवविवाहित ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला ने मरने से पहले एक वीडियो भी बनाया है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पति और ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। यह घटना सिरोल थाना क्षेत्र की है। सिरोल थाना पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिरोल थाना क्षेत्र की जीडीए कॉलोनी स्थित ईस्ट मैरेडियन मल्टी निवासी वैष्णवी उर्फ प्राची ने अपने फ्लैट पर पंखे से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्राची के बारे में बताया गया है कि उसने करीब 6 महीने पहले अपने परिवार के विरोध के बावजूद पुरानी छावनी निवासी राजू उर्फ सत्यनारायण भदौरिया से मंदिर में और स्टांप पेपर पर लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों सिरोल थाना क्षेत्र की ईस्ट मैरेडियन मल्टी में किराए के फ्लैट में रह रहे थे। इसी दौरान प्राची को पता चला कि उसका पति राजू पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। यह जानकारी मिलते ही प्राची राजू के घर पहुंची, जहां राजू, उसकी पत्नी और उसके पिता ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद प्राची सीधे अपने फ्लैट पर लौटी और पंखे से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में प्राची ने स्पष्ट रूप से अपने पति राजू और ससुराल वालों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। सूचना मिलने पर सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान मृतिक प्राची के चाचा संजय सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि उनकी भतीजी को उसके पति और ससुराल वालों ने दहेज के लिए मार डाला है, उन्होंने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। सिरोल थाना पुलिस ने बताया कि नवविवाहिता ने मरने से पहले एक वीडियो भी बनाया है, जिसमें उसने अपने पति और ससुराल वालों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
