सीहोर। बिजली चोरी के मामले की जांच करने पहुंचे विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को देख उपभोक्ता इतना भड़क गया कि उसने स्मार्ट मीटर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार करते हुए तोड़ डाला. इतने पर भी उसका आक्रोश शांत नहीं हुआ तो उसने सर्विस लाइन भी खींचकर फैंक दी. इस मामले में कंपनी के सहायक यंत्री अतुलेश सिंह द्वारा पुलिस को आवेदन दिया गया है.
विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं के यहां लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर ने उपभोक्ताओं की जेब पर वजन डाल दिया है तो अब स्मार्ट मीटर की बदौलत बिजली चोरी की धरपकड़ भी आसानी से होने लगी है. ऐसा ही एक मामला मंगलवार को जमशेद नगर में देखने को मिला. विद्युत वितरण कंपनी शहर में लगातार स्मार्ट मीटर लगा रही है। इन मीटरों से छेड़छाड़ और बिजली चोरी की सटीक जानकारी कंपनी को मिल रही है. जोन-1 के एई अतुलेश सिंह अपनी टीम के साथ मंगलवार को कस्बा क्षेत्र स्थित जमशेद नगर पहुंचे थे. टीम ने जाहिर नामक व्यक्ति के घर बिजली चोरी पकड़ी. चोरी पकड़े जाने पर वहां मौजूद जुनैद नामक व्यक्ति भड़क गया. उसने स्मार्ट मीटर में तोडफ़ोड़ कर उसे और सर्विस लाइन को उखाड़कर फेंक दिया. उसने कहा कि मीटर अभी उखाड़कर ले जाओ. एई अतुलेश सिंह ने कोतवाली पहुंचकर मामले की लिखित सूचना दी है.
