सुदीप कुमार घरामी के शतक ने बंगाल को संभाला

कल्याणी, 07 फरवरी (वार्ता) मुकेश कुमार (पांच विकेट), आकाश दीप (चार विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद सुदीप कुमार घरामी (नाबाद 122) की शतकीय पारी की बदौलत बंगाल ने रणजी ट्रॉफी के तीसरे क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन शनिवार को आंध्र प्रदेश को 295 पर रोकने के बाद दिन का खेल समाप्त होने के समय पहली पारी में पांच विकेट पर 199 रन बना लिये। आज यहां आंध्र प्रदेश ने कल के छह विकेट पर 264 रन से आगे खेलना शुरु किया। मुकेश कुमार और आकाश दीप की घातक गेंदबाजी के आंध्र प्रदेश के बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सके और उसने कल के स्कोर में 31 रन जोड़कर अपने चार विकेट गंवा दिये। सुबह के सत्र में 271 के स्कोर पर आंध्र प्रदेश का सातवां विकेट त्रिपुराणा विजय (तीन) के रूप में गिरा। के वी शशिकांत (13), कालीडिंडी राजू (एक) रन बनाकर आउट हुये। 89वें ओवर की चौथी गेंद पर आकाश दीप ने सौरभ कुमार (18) को बोल्ड कर आंध्र प्रदेश की पहली पारी का 295 के स्कोर पर अंत कर दिया।

इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी बंगाल ने शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसने 43 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन (एक), सुदीप चटर्जी (13) और अनुस्तुप मजुमदार नौ रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद सुदीप कुमार घरामी और सूरज सिंधु जायसवाल ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी हुई। त्रिपुराणा विजय ने 43वें ओवर में सूरज सिंधु जायसवाल (20) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। शाहबाज अहमद (पांच) रन बनाकर आउट हुये। दिन का खेल समाप्त होने के समय बंगाल ने पांच विकेट पर 199 रन बना लिये हैं। सुदीप कुमार घरामी (नाबाद 122) और सुमंता गुप्ता (नाबाद 22) क्रीज पर मौजूद है। आंध्र प्रदेश के लिए के वी शशिकांत ने दो विकेट लिये। नीतीश कुमार रेड्डी, सौरभ कुमार और त्रिपुराणा विजय ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

एलेक्जेंड्रोवा ने मैच पॉइंट बचाकर अबू धाबी फाइनल में जगह बनाई

Sat Feb 7 , 2026
अबू धाबी, 07 फरवरी (वार्ता) एकातेरिना एलेक्जेंड्रोवा ने मुबाडाला अबू धाबी ओपन फाइनल में पहुंचने के लिए काफी अच्छा प्रदर्शन किया, शुक्रवार शाम को तीन सेट में हैली बैपटिस्ट को हराने से पहले एक मैच पॉइंट बचाया। बैपटिस्ट ने पहला सेट जीता और दूसरे सेट में 5-4 पर एलेक्जेंड्रोवा की […]

You May Like