
ग्वालियर। वीआईएसएम ग्रुप ऑफ स्ट्डीज़ के अंतर्गत एनसीसी विंग 15 एमपी बटालियन (बॉयज एवं गर्ल्स कैडेट्स) के सीनियर कैडेट्स के सम्मान में फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीनियर कैडेट्स को सम्मानपूर्वक विदाई देना तथा उनके योगदान और उपलब्धियों की सराहना करना था। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन से हुई। इसके पश्चात जूनियर कैडेट्स द्वारा विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम में रैम्प वॉक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें बॉयज एवं गर्ल्स कैडेट्स ने आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। विद्यार्थियों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ जैसे नृत्य, गीत, ग्रुप परफॉर्मेंस एवं अन्य रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे पूरा माहौल उत्साह और उमंग से भर गया। सभी कैडेट्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस अवसर पर सीनियर कैडेट्स ने मंच पर आकर अपने अनुभव साझा किए।
