शिलांग, 05 फरवरी (वार्ता) मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने गुरुवार को ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में हुए दुखद कोयला खदान हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को 3-3 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।
श्री संगमा ने कोयला खदान हादसे की विस्तृत जांच के भी आदेश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया, “जवाबदेही तय की जाएगी और जो लोग जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जान की सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।” उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की। उन्होंने कहा, “दुख की इस घड़ी में, राज्य सभी प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है।”
ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले के मायन्संगट थांगक्सो इलाके में आज सुबह एक अवैध रैट-होल कोयला खदान के अंदर भारी डायनामाइट विस्फोट से कम से कम 18 खनिकों की मौत हो गयी। जिला पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पुष्टि की कि मायन्संगट थांगक्सो इलाके में अवैध कोयला खदान में डायनामाइट विस्फोट हुआ था।अब तक अवैध कोयला खदान से कुल 18 शव बरामद किए गए हैं। विस्फोट में जलने से घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए शिलांग भेजा गया है। अधिकारियों ने आशंका जतायी है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि खदान के अंदर और भी लोगों के फंसे होने की आशंका है। अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान रोक दिया गया था और शुक्रवार को फिर से शुरू किया जायेगा।।
मेघालय में कोयला खदान हादसे में मारे गए 18 खनिकों के परिवार के लिए तीन-तीन लाख रूपए के मुआवजे की घोषणा
