पवन एक्सप्रेस में कैटरिंग स्टाफ के साथ हुई मारपीट, सीटीआई निलंबित 

जबलपुर। चलती ट्रेन में रेलवे अधिकारी द्वारा ऑनबोर्ड कैटरिंग स्टाफ के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना नरसिंहपुर से जबलपुर के बीच बांद्रा–पटना एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 22971 में ऑनबोर्ड चेकिंग के दौरान हुई। आरोप है कि कमर्शियल टिकट इंस्पेक्टर और टीटी ने टीएसवी कैटरिंग मैनेजर के साथ मारपीट की, जिससे कैटरिंग मैनेजर के होंठ फट गए और खून निकलने लगा। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेल प्रशासन हरकत में आया है और आरोपी सीटीआई को सस्पेंड कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद की शुरुआत मुफ्त कैटरिंग सेवा की मांग को लेकर हुई। आरोप है कि सीटीआई ने फ्री में खाना न देने पर पहले अभद्र व्यवहार किया और फिर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अन्य ऑनबोर्ड स्टाफ के साथ भी धक्का-मुक्की और धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। यात्रियों के मुताबिक घटना के समय ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एक हजार रुपए और खाना मांगा

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में रेलवे कर्मियों द्वारा कैटरिंग स्टाफ के साथ मारपीट और धमकी देते हुए साफ देखा जा सकता है। वीडियो में वेंडर अंशु सिंह ने आरोप लगाया कि सीटीआई एक हजार रुपए और मुफ्त खाना मांग रहे थे। मांग पूरी न होने पर इतनी मारपीट की गई कि होंठ फट गया और खून निकलने लगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनका मोबाइल छीन लिया गया और ट्रेन से कहीं जाने नहीं दिया गया।

वीडियो में वेंडर सीटीआई भगवान सिंह ठाकुर से यह कहते नजर आ रहा है कि डॉक्यूमेंट चेक के नाम पर उसे बेवजह परेशान किया गया। वहीं, दूसरी ओर भगवान सिंह ठाकुर का कहना है कि डॉक्यूमेंट मांगने पर वेंडर ने उनकी कॉलर पकड़ ली और धमकी दी। सीटीआई ने यह भी आरोप लगाया कि वेंडर के मालिक ने फोन पर गाली-गलौज की।

रेल प्रशासन ने की त्वरित कार्रवाई

वीडियो वायरल होते ही रेल प्रशासन हरकत में आया। जबलपुर मंडल के सीनियर डीसीएम ने संबंधित सीटीआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Next Post

US में लापता वृद्धा की तलाश में एफबीआई निदेशक तक को मैदान में उतरना पड़ा

Thu Feb 5 , 2026
टक्सन। अमेरिका के एरिज़ोना राज्य के टक्सन शहर में 84 वर्षीय वृद्ध महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला अब इतना गंभीर हो गया है कि उसकी खोज के लिए स्वयं एफबीआई निदेशक काश पटेल को भी सक्रिय होना पड़ रहा है। इस घटनाक्रम ने मामले की संवेदनशीलता […]

You May Like