
छतरपुर। दमोह–छतरपुर मार्ग पर बुधवार दोपहर एक बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मड़ियादो थाना क्षेत्र के कलकुआ गांव के समीप बोलेरो अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे बनी खाई में जा पलटी। हादसे में एक ही परिवार की तीन महिलाएं घायल हो गईं, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग सुरक्षित रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो करीब पांच फीट नीचे खाई में गिरी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई।
घायल महिलाओं की पहचान तुलसा बाई, काशीबाई और हल्की बाई के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। एंबुलेंस पायलट राकेश यादव ने घायलों को मड़ियादो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
बताया गया है कि दमोह जिले के तिंदनी गांव निवासी परिवार के सदस्य छतरपुर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल जटाशंकर धाम के पास अपने रिश्तेदारों से मिलने गए थे। वापसी के दौरान यह दुर्घटना हुई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
