अमरवाड़ा से कमलेश शाह होंगे भाजपा प्रत्याशी

भोपाल, (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्यप्रदेश की अमरवाड़ा विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी के रूप में पूर्व विधायक कमलेश शाह का नाम आज रात घोषित कर दिया।

भाजपा के केंद्रीय कार्यालय की ओर से देर रात जारी की गयी सूची के अनुसार अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा सीट से श्री शाह पार्टी प्रत्याशी होंगे। राज्य में अमरवाड़ा सीट पर उपचुनाव हो रहा है और इसके लिए शुक्रवार को अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकनपत्र दाखिले का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में श्री शाह अमरवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में विधायक चुनकर आए थे, लेकिन लोकसभा चुनाव के पहले उन्होंने पाला बदल लिया और वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। इसी के चलते उन्होंने विधायक पद से त्यागपत्र दिया और यहां पर उपचुनाव की नौबत आयी। अब भाजपा ने इस सीट से श्री शाह पर ही दाव खेला है।

कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी घोषित करने के लिए भी कवायद प्रारंभ हो गयी है। छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र में चार दशकों तक कांग्रेस का राज रहा है, लेकिन हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू ने कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ को पराजित कर यह सीट कांग्रेस से छीन ली। लोकसभा चुनाव के पहले श्री शाह ही नहीं, इस अंचल के अनेक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन छोड़ दिया है।

इस उपचुनाव में यह देखना रोचक होगा कि क्या भाजपा यह सीट कांग्रेस से छीनने में सफल रहेगी।

Next Post

बालौदाबाजार हिंसा मामलाः तत्कालीन एसपी और कलेक्टर हुए निलंबित

Fri Jun 14 , 2024
बलौदाबाजार 13 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार हिंसा मामले में सरकार की बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) और कलेक्टर को निलंबित कर दिया है। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में बीते दिन हुई आगजनी की घटना के बाद पुलिस एक्शन मोड में है। गुरुवार को आगजनी के मामले में […]

You May Like