नयी दिल्ली 26 जनवरी (वार्ता) इंटरनेट सर्च ईंजन गूगल ने देश के 77वें गणतंत्र दिवस के दिवस के मौके पर अपने होमपेज पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) पर आधारित विशेष डूडल खास अंदाज में प्रदर्शित किया है। देश की अंतरिक्ष एजेंसी के एक सफल वर्ष को परिलक्षित करते इस डूडल में गगनयान और चंद्रयान जैसे महत्वपूर्ण इसरो मिशनों की झलक नजर आ रही है। डूडल में उपग्रहों, कक्षाओं (ऑर्बिट्स) और अंतरिक्ष से जुड़े अन्य उपकरणों को ‘गूगल’ शब्द के अक्षरों के भीतर खूबसूरती से दर्शाया गया है।
टेक कंपनी गूगल ने हालांकि इस खास डूडल के पीछे की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। गौरतलब है कि अंतरिक्ष एजेंसी इसरो वर्ष 2026 में कई उपग्रह लॉन्च करने की भी योजना बना रही है। गत शनिवार को इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन ने कहा, “हम इस साल कई सैटेलाइट भेजने की योजना बना रहे हैं। इस दिशा में काफी काम चल रहा है।”

