
छिंदवाड़ा। प्रतिवर्ष के अनुसार इस वर्ष भी भूराभगत में आयोजन किया जा रहा. महादेव मेला 6 जनवारी से चालू हो जाएगा और 17 फरवरी तक चलेगा. मेले में श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली.
कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि मेले के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि महादेव मेले में छिन्दवाड़ा जिले सहित समीपवर्ती जिलों एवं अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए यातायात, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पर्याप्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर श्री नारायन ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि जुन्नारदेव से भूराभगत तथा दमुआ से भूराभगत पैदल मार्ग में स्थित सभी जल स्रोतों को नियमित रूप से शुद्ध किया जाए। मेला स्थल पर शुद्ध पेयजल, एंबुलेंस, प्राथमिक स्वास्थ्य इकाई, चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए। इसके साथ ही सुलभ शौचालय एवं चलित शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को सुरक्षा की दृष्टि से विशेष सतर्कता बरतते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पार्किंग एवं पुलिस व्यवस्था
बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने मेला क्षेत्र में वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग हेतु स्थलों का चिन्हांकन कर अनाउंसमेंट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संभावित दुर्घटना स्थलों पर साइनेज लगाने, प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने तथा मेला क्षेत्र में पुलिस चौकियों के दोनों ओर सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टेंट सिटी में रहेंगी विशेष सुविधाएं
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के ठहरने की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए इस वर्ष भी टेंट सिटी का निर्माण किया जा रहा है। टेंट सिटी में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेंगी।
