
सारनी। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) पाथाखेड़ा क्षेत्र के तवा-2 खान में कार्यरत कामगार संजय यादव ने कोल इंडिया स्तर पर आयोजित अंतर कंपनी सांस्कृतिक प्रतियोगिता में लोकगीत विधा में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल वेकोलि बल्कि संपूर्ण पाथाखेड़ा क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है।
वेकोलि मुख्यालय नागपुर में आयोजित तीन दिवसीय कोल इंडिया अंतर कंपनी सांस्कृतिक मिलन प्रतियोगिता 2025-26 में कोल इंडिया लिमिटेड की सभी अनुषंगी कंपनियों एवं एससीसीएल सहित कुल 10 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 330 से अधिक कर्मियों ने 28 सांस्कृतिक विधाओं—भजन, लोकगीत, शास्त्रीय वाद्य, नृत्य, ऑर्केस्ट्रा, कव्वाली सहित विभिन्न श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पाथाखेड़ा क्षेत्र से कुल 9 प्रतिभागियों ने सहभागिता की, जिनमें 8 कलाकारों—राकेश उपराले, जितेंद्र नामदेव, अंशु मालवीय, नरेंद्र धुर्वे, विजय जावलकर, विजय सोमवारिया, संतोष नागले एवं शिवराज उइके ने ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति के माध्यम से वेकोलि के लिए प्रथम स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि वेकोलि अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक जे. पी. द्विवेदी ने कलाकारों की सराहना करते हुए कला को भावों की सशक्त अभिव्यक्ति बताया। प्रतियोगिता में वेकोलि विजेता एवं एनसीएल उपविजेता रही।
