
जबलपुर। विजयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़ते अपराधों को लेकर स्थानीय जनता के साथ कांग्रेस जनप्रतिनिधियों ने विजयनगर थाने का घेराव किया। जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्रीय नागरिक मोर्चा बनाकर दीनदयाल चौराहे से सैकड़ो की संख्या में विजयनगर थाने की और नारेबाजी करते हुए पहुंचे थे। मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधि पूर्व पार्षद जितिन राज एवं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा व कांग्रेस नेता अन्नू तिवारी ने पुलिस से कहा कि विगत कई दिनों से विजयनगर थाना अंतर्गत प्रतिदिन कोई ना कोई अपराधिक घटना घटित हो रही है शाम ढलते ही पूरे क्षेत्र में कारों में सवार युवक शराब की बोतले रख खुलेआम शराब खोरी करते नजर आते हैं इन युवकों की कारो व अन्य दो पहिया वाहनों में चाकू पिस्टल जैसे हथियार रखना आम बात हो गई है और महिलाओं से छेडख़ानी चाकू बाजी लूट चोरी जैसी घटनाओं को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं हाल ही में विजयनगर में जसवीर राजपूत के साथ लूटपाट मारपीट हुई लेकिन पुलिस ने सारे क्षेत्र में कैमरे लगे होने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं की इसी तरह अहिंसा चौक स्थित सेम मोटर में विगत 1 महीने में दो बार चोरी हो चुकी है लेकिन बड़ी हास्यास्पद बात है कि अभी तक एफआईआर तक नहीं हुई, विगत सप्ताह आदित्य पटेल नामक युवक पर बिना वजह मामूली पार्किंग को लेकर अपराधिक प्रवृत्ति के युवकों ने चाकू से हमला कर दिया एवं उनसे सोने की चैन भी छुड़ा ले गए और सोशल मीडिया पर बेखौफ होकर बदमाश रील बना रहे हैं इतना सब कुछ होने के बावजूद विजयनगर पुलिस अपराधियों को पकडऩे में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सघन चेकिंग कड़ी कार्यवाही की मांग की है। इसके साथ ही आरोप लगाया कि स्पा सेंटरों में देह व्यापार चल रहा है जिस पर कार्रवाई की जाए।
